बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर ने सोमवार को फिल्म इंडस्ट्री में अपने 14 साल पूरे होने का जश्न मनाया। इसी दिन उनकी डेब्यू फिल्म इश्कज़ादे को रिलीज हुए भी 14 साल पूरे हो गए। इस खास मौके पर अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने सफर को याद किया।
अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी कुछ खास तस्वीरें साझा कीं, जिन्हें स्केच आर्ट के रूप में तैयार किया गया था। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि ‘परमा’ का किरदार आज भी उनके दिल के बेहद करीब है और यही उनकी अभिनय यात्रा की शुरुआत थी। अभिनेता ने अपने फैंस और सिनेमा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सफर अभी भी जारी है।
Ishaqzaade एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म थी, जिसकी कहानी दो प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में अर्जुन कपूर ने परमा चौहान और परिणीति चोपड़ा ने जोया कुरैशी का किरदार निभाया था। दोनों की प्रेम कहानी समाज में मौजूद धार्मिक और सामाजिक भेदभाव को चुनौती देती नजर आई। फिल्म का निर्देशन हबीब फैसल ने किया था और इसे यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अर्जुन कपूर हाल ही में मेरे हस्बैंड की बीवी में नजर आए थे। अभिनेता ने अभी अपने अगले प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उन्होंने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में दर्शकों को उनके कुछ नए और दिलचस्प किरदार देखने को मिल सकते हैं।