मार्वल स्टूडियोज़ की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अवेंजर्स: डूम्सडे' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है और आते ही इसने दुनियाभर के फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अंग्रेजी ट्रेलर को रिलीज के महज चार घंटे के भीतर 1.25 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, जबकि हिंदी वर्जन भी लाखों दर्शकों तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर ट्रेलर की चर्चा तेज है और फैंस इसे मार्वल की अगली बड़ी पेशकश बता रहे हैं।
करीब 2 मिनट 25 सेकंड के इस ट्रेलर में पृथ्वी को बचाने के लिए सुपरहीरोज़ की एक विशाल टीम एकजुट होती दिखाई देती है। इस बार कमान थोर के हाथों में नजर आती है, जो अपने साथियों को पुराने मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील करता है। उनका संदेश साफ है—अगर अब साथ नहीं आए, तो अब तक की सारी कुर्बानियां बेकार हो जाएंगी।
ट्रेलर का सबसे यादगार पल आखिर में देखने को मिलता है, जब थोर की मुलाकात अपने पुराने दोस्त स्टीव रोजर्स से होती है। इसके साथ ही डॉक्टर डूम की झलक कहानी के सबसे बड़े खतरे का एहसास कराती है। यही वजह है कि ट्रेलर ने रिलीज होते ही फैंस के बीच कई नई चर्चाओं और थ्योरीज़ को जन्म दे दिया है।
माइकल वाल्ड्रॉन और स्टीफन मैकफीली द्वारा लिखी गई 'अवेंजर्स: डूम्सडे' में मार्वल यूनिवर्स की सबसे बड़ी भिड़ंत देखने को मिलेगी। फिल्म 18 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और फैंस को उम्मीद है कि यह सुपरहीरो फ्रेंचाइज़ी के इतिहास का एक नया अध्याय साबित होगी।
Check Out The Trailer:-