संगीतकार अमाल मलिक इन दिनों बेहद भावुक और उत्साहित हैं। वजह है फिल्म 'आवारापन टू' का टाइटल ट्रैक, जिसे वह अपने पूरे करियर का सबसे बेहतरीन गीत मानते हैं। सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए अमाल ने बताया कि विशेष फिल्म्स के साथ काम करना उनका करीब 20 साल पुराना सपना था, जो अब जाकर पूरा हुआ है। उन्होंने इस सफर को सिर्फ एक पेशेवर उपलब्धि नहीं, बल्कि खुद को भीतर से खोजने वाली जर्नी बताया।
अमाल ने अपने पोस्ट में निर्माता मुकेश भट्ट का खास तौर पर आभार जताया। उन्होंने लिखा कि वह इस धुन को हमेशा "द सोल ऑफ आवारापन" कहते थे, लेकिन मुकेश भट्ट ने इसे नया नजरिया दिया। अमाल के मुताबिक, मुकेश भट्ट ने उनसे कहा कि यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि वह सफर है जो उन्होंने अपने भीतर तय किया है और उसी ने इस रचना को जन्म दिया। अमाल ने कहा कि 16 साल की उम्र से वह विशेष फिल्म्स के साथ काम करने का सपना देख रहे थे और आज आखिरकार वह सपना साकार हो गया।
उन्होंने यह भी बताया कि 'आवारापन टू' का टाइटल ट्रैक उनके दिल के सबसे करीब है। इस गीत के बोल मशहूर गीतकार रश्मि विराग ने लिखे हैं। अमाल ने विशेष भट्ट, निर्देशक नितिन आर. कक्कड़, अभिनेता इमरान हाशमी और पूरी टीम का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनके भरोसे और मार्गदर्शन ने इस गीत को खास बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।
हालांकि, अमाल ने अपने पोस्ट में एक अहम बात भी कही। उन्होंने साफ किया कि नई फिल्म का संगीत मूल 'आवारापन' से मुकाबला करने के लिए नहीं बनाया गया है। उन्होंने मूल फिल्म के संगीतकार प्रीतम, निर्देशक मोहित सूरी और गायक मुस्तफा ज़ाहिद को सम्मान देते हुए कहा कि उनकी विरासत हमेशा खास रहेगी। साथ ही उन्होंने दर्शकों और खासकर इमरान हाशमी के प्रशंसकों से अपील की कि वे नए साउंडट्रैक को बिना किसी तुलना के सुनें और हर गीत को उसकी अपनी पहचान के साथ स्वीकार करें।
'आवारापन टू' का संगीत पहले ही चर्चा में है और अमाल मलिक की भावुक पोस्ट ने इसके प्रति उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह टाइटल ट्रैक भी अपने पूर्ववर्ती फिल्म के गीतों की तरह श्रोताओं के दिलों में खास जगह बना पाता है।