'मिर्जापुर: द मूवी' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है और अब मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना 'दो नंबरी' रिलीज कर इस इंतजार को और रोमांचक बना दिया है। खास बात यह है कि इस ट्रैक के जरिए लोकप्रिय सिंगर और रैपर ढांडा न्योलीवाला ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की है। उन्होंने इस गाने को सिर्फ अपनी आवाज ही नहीं दी, बल्कि इसके बोल भी लिखे हैं और संगीत भी खुद तैयार किया है।
करीब दो मिनट लंबे इस गाने में ढांडा न्योलीवाला का स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस पूरी तरह छाया हुआ है। कभी लग्जरी कारों और प्राइवेट जेट के बीच उनका रॉयल अंदाज दिखाई देता है, तो कभी देसी स्वैग के साथ उनका अलग रूप देखने को मिलता है। गाने में बंदूक, दमदार विजुअल्स और हाई-एनर्जी बीट्स 'मिर्जापुर' की दुनिया के रफ-टफ मिजाज को बखूबी पेश करते हैं।
फिल्म एक बार फिर दर्शकों को 'मिर्जापुर' के उसी खतरनाक और सत्ता की जंग से भरे संसार में ले जाएगी, जहां गुड्डू पंडित, कालीन भैया और मुन्ना भैया जैसे किरदारों ने अपनी अलग पहचान बनाई थी। खास बात यह है कि ये तीनों लोकप्रिय किरदार पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ दिखाई देंगे, जिससे फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है।
'मिर्जापुर: द मूवी' में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु के अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, कुलभूषण खरबंदा, सुशांत सिंह और कई दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषा में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर राज करने वाली 'मिर्जापुर' बड़े पर्दे पर भी वही जादू चला पाती है या नहीं।
Check Out The Song:-