हॉरर फिल्मों में अपनी अलग पहचान बना चुके इमरान हाश्मी एक बार फिर उसी डरावने दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। करीब पांच साल बाद वह हॉरर जॉनर की नई फिल्म ‘रूह’ में नजर आएंगे। फिल्म की घोषणा के साथ ही मेकर्स ने इसका पहला लुक जारी कर दिया है, जिसने दर्शकों के बीच पहले से ही रहस्य और उत्सुकता बढ़ा दी है।
जारी किए गए 52 सेकंड के टीज़र में माहौल काफी सस्पेंस से भरा हुआ है। एक घना जंगल, वहां खड़ी एक रहस्यमयी लड़की, और फिर एक धुंधला शीशा—जिसे कोई अदृश्य हाथ साफ करता है। जैसे ही शीशा साफ होता है, उसमें इमरान हाश्मी का चेहरा दिखाई देता है और धीरे-धीरे उनकी आंखें काली हो जाती हैं। इसी डरावने मोड़ के साथ स्क्रीन पर फिल्म का नाम ‘रूह’ उभरता है, जो पूरी कहानी के रहस्य की ओर इशारा करता है।
मेकर्स ने यह भी साफ कर दिया है कि यह फिल्म 2027 में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। खास बात यह है कि ‘रूह’ को सिर्फ हिंदी ही नहीं बल्कि तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा, जिससे यह पैन-इंडिया हॉरर अनुभव बन सके। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी मयंक शर्मा संभाल रहे हैं, जबकि इसकी कहानी विशाल कपूर ने लिखी है।
फिल्म का निर्माण विक्रम खाखर और सनी खन्ना कर रहे हैं। ‘रूह’ का टीज़र देखकर इतना तो तय है कि यह सिर्फ डराने वाली फिल्म नहीं होगी, बल्कि एक ऐसा सिनेमाई अनुभव होगी जो दर्शकों के दिमाग में लंबे समय तक घूमती रहेगी।
Check Out The Video-