प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'फौजी' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है। ऐलान के मुताबिक, यह पीरियड एक्शन ड्रामा 3 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रभास के फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
नए पोस्टर में प्रभास बेहद दमदार और गंभीर अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके आसपास युद्ध का भयावह मंजर दिखाई देता है, जबकि हाथ में बंदूक और खून से सना लुक फिल्म के इंटेंस माहौल की झलक देता है। पोस्टर यह साफ संकेत देता है कि इस बार दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक अलग और भावनात्मक युद्ध गाथा देखने को मिल सकती है।
हनु राघवपुडी के निर्देशन में बनी 'फौजी' की कहानी 1940 के ब्रिटिश भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में प्रभास एक सैनिक की भूमिका निभा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिथुन चक्रवर्ती और अनुपम खेर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे, जबकि संगीत की जिम्मेदारी विशाल चंद्रशेखर ने संभाली है। फिल्म का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स ने किया है।
'फौजी' के अलावा प्रभास की झोली में 'स्पिरिट' जैसी बड़ी फिल्म भी है, जिसकी पहले ही घोषणा हो चुकी है। ऐसे में आने वाले समय में प्रभास लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। फिलहाल, उनकी नजरें 3 दिसंबर पर टिकी हैं, जब 'फौजी' सिनेमाघरों में अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार होगी।