प्रशांत वर्मा ने अपनी अगली फिल्म ‘महाकाली: शुक्राचार्यज वॉर क्राई’ का फर्स्ट लुक टीज़र रिलीज़ हो गया है, और इसने रिलीज से पहले ही माहौल बना दिया है। वीडियो में अक्षय खन्ना बिल्कुल नए और रहस्यमयी अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह फिल्म में असुरों के गुरु शुक्राचार्य का किरदार निभा रहे हैं। झलक के साथ ‘द एंड बिगिन्स’ की टैगलाइन और 8 जनवरी 2027 की रिलीज डेट ने कहानी को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
शुक्राचार्य भारतीय पौराणिक कथाओं का बेहद प्रभावशाली किरदार हैं, जिन्हें ज्ञान, रणनीति और संजीवनी विद्या के लिए जाना जाता है। ऐसे किरदार में अक्षय खन्ना का चयन काफी दिलचस्प है। पहली झलक में उनके लुक और स्क्रीन प्रेजेंस से साफ है कि अभिनेता इस बार कुछ बिल्कुल अलग लेकर आने वाले हैं। वहीं भूमि शेट्टी को महाकाली के रूप में पेश किया गया है, जिससे कहानी में दिव्यता और शक्ति का एक अलग रंग जुड़ता दिखाई देता है।
‘महाकाली’ का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लुरु कर रही हैं और यह प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है। ‘हनु-मैन’ के बाद प्रशांत वर्मा भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक फैंटेसी के साथ जोड़कर एक बड़ा सिनेमाई संसार तैयार कर रहे हैं। फिल्म में श्रिया रेड्डी, रोहित सराफ, राकेश बेदी, समुथिरकानी, रजत कपूर, मुरली शर्मा, नासर और पृथ्वीराज जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
अक्षय खन्ना के लिए यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनकी तेलुगु सिनेमा में डेब्यू फिल्म है। फिलहाल फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स ने पर्दा पूरी तरह नहीं उठाया है, लेकिन ‘शुक्राचार्यज वॉर क्राई’ और ‘द एंड बिगिन्स’ जैसे संकेत बता रहे हैं कि मामला काफी बड़ा होने वाला है। शुक्राचार्य और महाकाली के बीच क्या रिश्ता है और यह कहानी प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स को किस दिशा में ले जाएगी, इसका जवाब 8 जनवरी 2027 को मिलेगा।
Check Out The Video:-