कभी काम की भागदौड़ के बीच अचानक किसी खास शख्स का ख्याल आ जाए, तो पूरा दिन ही थोड़ा अलग लगने लगता है। वाइब का पहला गाना रातों में आना इसी एहसास को खूबसूरती से पकड़ता है। टिप्स फिल्म्स एंड म्यूजिक ने रिलीज हुए इस रोमांटिक ट्रैक में कुणाल खेमू और वंशिका धीर की प्यारी केमिस्ट्री दिखाई है। फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली है और यह गाना इसकी कहानी के रोमांटिक पहलू की झलक देता है।
गाने का मूड फिल्म के एक्शन-कॉमेडी जॉनर से थोड़ा अलग है। यहां गोलियों और हंसी-मजाक की जगह दो लोगों के बीच पनपते उस कनेक्शन पर फोकस है, जो शायद दोनों ने खुद भी प्लान नहीं किया था। टिप्स फिल्म्स एंड म्यूजिक ने गाने को शेयर करते हुए लिखा, डेडलाइन के बीच कहीं...प्यार हो गया, और यही लाइन इस पूरे गाने की फीलिंग को काफी अच्छी तरह बयां करती है।
रातों में आना को अमित त्रिवेदी ने कंपोज करने के साथ अपनी आवाज भी दी है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। अमित त्रिवेदी की आवाज गाने को सुकून भरा एहसास देती है और कुमार के बोल रोमांस को और गहराई देते हैं। गाने में कुणाल और वंशिका के बीच की सहज बॉन्डिंग भी देखने को मिलती है, जो फिल्म में उनके रिश्ते को लेकर उत्सुकता बढ़ाती है।
वाइब कुणाल खेमू के लिए खास प्रोजेक्ट है, क्योंकि उन्होंने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है और इसमें अभिनय भी कर रहे हैं। फिल्म में प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक तरफ फिल्म में एक्शन और कॉमेडी का भरपूर मसाला है, तो दूसरी तरफ रातों में आना जैसे रोमांटिक पल कहानी को एक सॉफ्ट टच देते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह रोमांस और एक्शन का कॉम्बिनेशन पर्दे पर कैसा रंग जमाता है।
Check Out The Song:-