अभिनेता राजेश शर्मा के फैंस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। इस महीने की शुरुआत में हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान कीड़े के काटने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब अभिनेता पूरी तरह खतरे से बाहर हैं और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मुंबई स्थित अपने घर पर आराम कर रहे हैं।
बताया गया कि 8 जुलाई को शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा घनी झाड़ियों वाले इलाके में स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और अपनी तय फ्लाइट से कोलकाता लौट गए। लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके दाहिने पैर में तेज दर्द, सूजन और बुखार की शिकायत बढ़ गई, जिसके बाद उन्हें मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी हालत में लगातार सुधार होता रहा।
FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने जानकारी दी कि राजेश शर्मा अब स्वस्थ हो रहे हैं और जल्द ही अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स पूरे करने के लिए तैयार होंगे। उन्होंने बताया कि अभिनेता आने वाले दिनों में एक अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए विदेश भी रवाना हो सकते हैं। इस खबर के बाद उनके फैंस ने भी सोशल मीडिया पर खुशी जताई और उनके जल्द पूरी तरह फिट होने की दुआ की।
राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद अभिनेता अक्षय कुमार ने भी सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने दोनों की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा था कि वह अपने दोस्त की सेहत को लेकर काफी चिंतित हैं और उम्मीद करते हैं कि वह जल्द ठीक होकर फिर से साथ में हंसी-मजाक करेंगे। वर्कफ्रंट की बात करें तो राजेश शर्मा हाल ही में प्रियदर्शन निर्देशित 'भूत बंगला' में अक्षय कुमार के साथ नजर आए थे, जहां उनके तांत्रिक वाले किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया