हॉरर-थ्रिलर फिल्मों के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। 'रागिनी 3' की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है और इसकी पहली झलक खुद तमन्ना भाटिया और बालाजी मोशन पिक्चरस के ऑफिसियल हैंडल ने सोशल मीडिया पर शेयर की है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म के क्लैप बोर्ड की तस्वीर पोस्ट कर फैंस को इस नए प्रोजेक्ट की शुरुआत की जानकारी दी, जिसके बाद फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वही बालाजी मोशन पिक्टुरेस ने ट्विटर पर पोस्ट शेयर किया है. शेयर की गई तस्वीर में क्लैप बोर्ड पर "15.07.26, दिन पहला" लिखा दिखाई देता है, जिससे साफ हो गया कि फिल्म की शूटिंग 15 जुलाई से शुरू हो चुकी है। हालांकि उन्होंने पोस्ट के साथ ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की, लेकिन इस एक तस्वीर ने ही फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर लोग फिल्म की कहानी और तमन्ना के किरदार को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन शशांक घोष कर रहे हैं, जो 'वीरे दी वेडिंग', 'खूबसूरत' और 'फ्रेडी' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। वहीं, फिल्म का निर्माण एकता कपूर कर रही हैं, जिन्होंने 'रागिनी एमएमएस' फ्रेंचाइजी के पिछले भागों को भी प्रोड्यूस किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तमन्ना के साथ जुनैद खान, नरगिस फाखरी और आयुष शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं, हालांकि पूरी स्टार कास्ट का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।
'रागिनी 3' के जरिए मेकर्स एक बार फिर हॉरर और थ्रिल का नया अनुभव देने की तैयारी में हैं। अब फैंस की निगाहें फिल्म के पहले टीज़र और बाकी कलाकारों की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिससे इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट की तस्वीर और साफ हो सके।