साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को लेकर फैंस का इंतजार अब और रोमांचक हो गया है। फिल्म के मेकर्स ने आखिरकार ट्रेलर रिलीज की तारीख का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही एक दमदार नया पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल तेज कर दी है। पोस्टर सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।
यश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया, जिसमें उनका लुक बेहद रहस्यमयी और दमदार नजर आ रहा है। पोस्टर में अभिनेता हाथ में गन थामे, टोपी पहने और मूसलाधार बारिश के बीच खड़े दिखाई देते हैं। उनके पीछे से आती तेज रोशनी उनके चेहरे को पूरी तरह छिपा देती है, जिससे पोस्टर में सस्पेंस और स्टाइल दोनों का जबरदस्त मेल देखने को मिलता है। पोस्टर पर लिखा '8.8.26' साफ इशारा करता है कि फिल्म का ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज होगा।
पोस्ट के कैप्शन में यश ने लिखा, "उलटी गिनती शुरू हो गई है। 'टॉक्सिक' का ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज होगा।" इसके साथ उन्होंने यह भी पुष्टि की कि फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर डेट की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं और पोस्टर की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का टीजर पहले ही चर्चा का विषय बन चुका था और अब ट्रेलर को लेकर भी उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अगर ट्रेलर दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरता है, तो अगस्त के आखिर में रिलीज होने वाली यह फिल्म साल 2026 की सबसे बड़ी सिनेमाई पेशकशों में शामिल हो सकती है।