रांची, 22 फरवरी (न्यूज़ हेल्पलाइन) एक समय नक्सलियों के गढ़ के रूप में पहचान रखने वाले झारखण्ड राज्य सरकार ने विगत कुछ समय से नक्सलियों के विरुद्ध अभियान छेड़ रखा है। इसका प्रतिफल भी मिल रहा है कि अब नक्सली घटनाएं कम होने लगी हैं। मगर समय-समय पर अन्य राज्यों से सटे सीमाओं से कुछ नक्सली राज्य में प्रवेश करके उपद्रव मचाते रहते हैं। इन्हीं नक्सलियों के खिलाफ झारखण्ड पुलिस को कुछ बहुत अच्छी सफलताएं हाथ लगी है।
झारखण्ड पुलिस ने आज सूचित किया है कि लोहरदगा और पड़ोसी जिलों के बुलबुल क्षेत्र के जंगलों में 8 फरवरी को शुरू किए गए 'ऑपरेशन डबल बुल' ( Operation Double Bull ) में जोनल कमांडर, सब जोनल कमांडर, एरिया कमांडर रैंक के 9 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।
आज की जानकारी में झारखंड पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में भाकपा (माओवादी) का जोनल कमांडर बलराम उरांव ( Balram Oraon ) भी शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये का इनाम था। अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद, विस्फोटक, डेटोनेटर और नक्सली संबंधित अन्य सामग्री भी बरामद हुई है।
ज्ञात हो कि नक्सली बलराम उरांव ( Balram Oraon ) के ऊपर दर्जन भर पुलिस कर्मियों की हत्या समेत कई आम लोगों की हत्या में शामिल रहने का आरोप है। पुलिस उसे लंबे समय से पकड़ने के प्रयास में थी, मगर वह चकमा देने में हर बार सफल रहता था। मगर इस बार पुलिस के बिछाए जाल में वह फंस गया। यह झारखंड पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। इस पकड़ से राज्य और पड़ोसी राज्यों में नक्सलियों की करतूतों पर विराम लगेगा।