मुंबई, 14 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सिंगल फेज में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 8 दिसंबर को घोषित होंगे। हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है। इस बार हिमाचल में चुनाव 4 मुद्दे को प्रभावित कर सकते हैं। इनमें कर्मचारियों की समस्या, महंगाई, बेरोजगारी और पुलिस पेपर लीक मामला शामिल है। इसके अलावा सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबैंसी का भी असर हो सकता है। तो वही हिमाचल में दोबारा सरकार बनाने के लिए बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रधानमंत्री पिछले 17 दिनों में अब तक 4 रैलियां कर चुके हैं। इधर, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को शिमला के सोलन में रैली भी की। आगे भी वे रैलियां करेंगी।
आपको बता दे हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी को खत्म हो रहा है। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। इनमें 20 सीटें आरक्षित हैं। 17 सीटें अनुसूचित जाति (SC) के लिए और 3 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए रिजर्व हैं। 2017 में भाजपा ने पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। चुनाव में भाजपा 44, तो कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत मिली थी। एक सीट पर CPI(M) और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे।