महाराष्ट्र , 9 नवंबर ( न्यूज हेल्पलाइन) मुंबई में मंगलवार को सुबह एक मंजिला मकान ढह गया जिससे नौ लोग घायल हो गए। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एन्टोप हिल इलाके के जय महाराष्ट्र नगर में एक मकान सुबह करीब आठ बजकर 10 मिनट पर ढह गया। अधिकारी ने कहा कि मौके पर दमकल की चार गाड़ियां, एक बचाव वैन और अन्य उपकरण भेजे गए। जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पुलिस और अन्य कर्मी भी पहुंचे।
अधिकारी ने कहा, “ध्वस्त हुए मकान के मलबे से सात लोगों को बचाया गया। घायलों को पास के सियोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो स्थानीय निकाय द्वारा संचालित है।” उन्होंने कहा कि घायलों की हालत के बारे में अभी विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।एंटॉप हिल इलाके में इससे पहले एक अक्टूबर में दर्दनाक हादसा हुआ था। जब बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) द्वारा एंटॉप हिल इलाके में जल आपूर्ति लाइन की मरम्मत करने के लिए खोदे गए गड्ढे में दो बच्चे गिर गए थे और डूबने से उनकी मौत हुई थी।
गौर हो कि इससे पहले मुंबई से सटे ठाणे के पास दिवा इलाके में एक मकान की दीवार गिर गई थी। इस हादसे में एक महिला की जान चली गई थी। दरअसल रात में अचानक आग लगने के बाद घर में आग लगी थी और फिर दीवार गिर गई। इस हादसे के बाद महिला घर में फंस गई और उसकी मौत हो गयी।