ताजा खबर
ICICI और Yes Bank के सर्विस चार्ज बदले, Axis ने भी किया बड़ा ऐलान   ||    मलेशियाई नौसेना के हेलीकॉप्टर हवा में टकराए, 10 की मौत   ||    मलेशियाई नौसेना के हेलीकॉप्टर हवा में टकराए, 10 की मौत   ||    लोकसभा चुनाव 2024: सबसे बड़ा लोकतंत्र मतदान क्यों नहीं कर रहा?   ||    Earth Day 2023: पृथ्वी दिवस कब और क्यों मनाया जाता है?   ||    फैक्ट चेक: उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के बीच CM धामी ने सरेआम बांटे पैसे? वायरल वीडियो दो साल पुराना...   ||    मिलिए ईशा अरोड़ा से: ऑनलाइन ध्यान खींचने वाली सहारनपुर की पोलिंग एजेंट   ||    आज का इतिहास: 16 अप्रैल को हुआ था चार्ली चैपलिन का जन्म, जानें अन्य बातें   ||    एक मंदिर जो दिन में दो बार हो जाता है गायब, मान्यता- दर्शन मात्र से मिलता मोक्ष   ||    फैक्ट चेक: कानपुर में हुई युवक की पिटाई का वीडियो 'ब्राह्मण पर पुलिसिया अत्याचार' के गलत दावे के साथ...   ||   

दिल्ली में लगा 56 घंटे का वीकेंड कर्फ्यू, सड़कें हुईं सूनी

Photo Source :

Posted On:Saturday, April 17, 2021

नई दिल्ली, 17 अप्रैल। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ही 79.10 फीसद नए मामले दर्ज किए गए हैं। इन दो राज्यों के अलावा इनमें दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, तमिलनाडु और बंगाल शामिल हैं। शुक्रवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 61,695, उत्तर प्रदेश में 22,339 और दिल्ली में 19,486 मामले सामने आये हैं। वैसे इन राज्यों के साथ ही तेलंगाना, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, आंध्र प्रदेश और हरियाणा में भी नए मामले बढ़ रहे हैं।
 
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार रात 10 बजे से वीकेंड कर्फ्यू लागू हो गया है। सोमवार सुबह पांच बजे तक दिल्लीवालों पर बंदिशें लागू रहेंगी। इस बीच जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों के अलावा बाकी पूरी दिल्ली अपने घरों में कैद होगी। कोरोना ने दिल्ली में अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 19,486 नए केस सामने आए। इसके अलावा 141 लोगों की मौत हो गई। हालांकि कर्फ्यू में सभी जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। वीकेंड कर्फ्यू के दौरान जरूरी सेवाएं नियमित रूप से जारी रहेंगी।सब्जी फल दूध या खाने-पीने के दूसरे सामानों की आवाजाही पर किसी तरीके की कोई रोक नहीं है, दवा की दुकानें भी नियमित रूप से खुलेंगी। 
 
'वीकेंड कर्फ्यू' की शुरुआत होने से एक घंटे पहले ही दिल्ली पुलिस ने जगह-जगह बैरीकेडिंग कर दी। रात 12 बजे के बाद दिल्ली की सड़कें सूनी हो गईं। पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती हुईं 'वीकेंड कर्फ्यू' को पूरी तरह लागू करवाने के लिए सड़कों पर निकल पड़ीं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने दिल्ली के लोगों से आग्रह किया है कि जब तक जरूरी ना हो इन दोनों दिनों घर से ना निकले। हालांकि दिल्ली मेट्रो, बस, ऑटो, टैक्सी जैसी सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं अपने तय समय के हिसाब से चल सकेंगी लेकिन उनमें केवल उन्हें ही आने-जाने की की अनुमति होगी, जिन्हें नाइट कर्फ्यू के दौरान छूट मिली हो। अगर किसी को बेहद जरूरी काम से बाहर निकलना हुआ तो वह ई-पास बनवा सकता है। बगैर ई-पास के मेट्रो व बस पर कोई सवारी नहीं कर सकेगा। 
 
महाराष्ट्र में पहले नाइट कर्फ्यू, फिर वीकेंड लॉकडाउन और अब मिनी लॉकडाउन के बावजूद कोरोना संक्रमण थमता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को आए रिकॉर्ड करीब 64 हजार केस और करीब 400 लोगों की मौत के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने संकेत दिया है कि यदि स्थिति नहीं बदली तो आने वाले दिनों में मिनी लॉकडाउन पिछले साल की तरह पूर्ण लॉकडाउन में बदल सकता है। महाराष्ट्र में 1 मई सुबह 7 बजे तक धारा 144 और कई तरह की पाबंदियां लागू हैं।
 
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण बेकाबू होता नजर आ रहा है। मरीजों की संख्या और कोरोना से मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। सरकार की ओर से रविवार को लॉकडाउन की घोषणा की गई है।लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, गोरखपुर सहित 2,000 से अधिक एक्टिव केस वाले सभी 10 जनपदों में नाइट कर्फ्यू अब रात को 8 बजे से सुबह 7 बजे तक लागू होगा। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ भी सरकार अब सख्ती दिखाएगी। योगी ने निर्देश दिए हैं कि पहली बार बिना मास्क के पकड़े जाने पर 1000 रुपये जुर्माना लिया जाएगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर दस गुने जुर्माने की वसूली होगी। मतलब दूसरी बार बिना मास्क के पकड़े जाने वाले शख्स को 10,000 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ सकता है।
 
मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी शहरों में रविवार को लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। सभी सरकारी दफ्तर अगले 3 महीने तक सप्ताह में केवल 5 दिन ही खुलेंगे। इनकी टाइमिंग सुबह 10 से शाम 6 बजे तक रहेगी। शनिवार और रविवार को दफ्तर पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों अगले आदेश तक रोजाना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। छिंदवाड़ा में पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा।
 
पश्चिम बंगाल में कोविड-19 महामारी बेकाबू हो गई है। विधानसभा चुनाव लड़ रहे दो उम्मीदवारों की जान लेने के साथ ही महामारी प्रतिदिन कई गुना तेजी से बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 40153 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं जिनमें से 6910 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। साथ ही इस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 643795 हो गई है। पिछले 24 घंटों में महज 2818 लोग ही स्वस्थ हुए हैं जिसके कारण स्वस्थ होकर घर लौटने वालों की कुल संख्या बढ़कर 592242 पर पहुंची है। 
 
चिंता वाली बात यह है कि एक दिन में 26 लोगों की मौत हुई है जिसके कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 10506 हो गई है है। एक दिन के अंदर एक्टिव मरीजों की संख्या में भी 4066 की बढ़ोतरी हुई है और विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत लोगों की संख्या बढ़कर 41047 पर पहुंच गई है। मार्च महीने तक यह संख्या महज 3000 थी जो एक पखवाड़े में बढ़कर 41000 पर पहुंची है जो राज्य में महामारी के विस्फोट का संकेत है। अब तक कुल 97 लाख 15 हजार 115 लोगों के सैंपल जांच गए हैं।
 
आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। राज्य में दूसरी लहर में पहली बार 6,000 से अधिक मामले सामने आए। पिछले 24 घंटों के दौरान 35,962 परीक्षण किए गए और 6,096 मामलों की पुष्टि हुई। वहीं आज 20 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। 
 
राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या पहली बार 7359 तक पहुंच गई है। संक्रमण के कारण प्रदेश में 31 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में जयपुर के साथ ही जोधपुर भी अब एक हजार से अधिक नए संक्रमितों वाला जिला बन गया है। शुक्रवार को जयपुर में सर्वाधिक 1201 और जोधपुर में 1144 नए मामले मिले हैं। सर्वाधिक 5-5 मौतें उदयपुर और जोधपुर जिले में हुई हैं।
 
चंडीगढ़ में शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक शहर में वीकेंड कर्फ्यू लगाया गया है। केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति होगी। इससे पहले कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के चलते 07 अप्रैल से रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूरे पंजाब में नाइट कर्फ्यू लगाया गया था लेकिन हालात काबू में न आने पर आज रात से वीकेंड कर्फ्यू लगाया गया है। इस दौरान राज्यभर में पाबंदियां रहेंगी। पंजाब सरकार ने राज्य में राजनीतिक सभाओं पर भी प्रतिबंध लगाया है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.