कोलकाता, 10 अप्रैल । बंगाल विधानसभा चुनाव के चौंथे चरण के मतदान के दौरान कूचबिहार जिले के शीतलकुची में केंद्रीय बल के जवानों द्वारा की गई फायरिंग में चार लोगों की मौत पर मचे बवाल के बीच चुनाव आयोग के पुलिस पर्यवेक्षक विवेक दुबे ने केंद्रीय बलों की फायरिंग की घटना का खुलकर समर्थन किया है। उनके अनुसार, केंद्रीय बलों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई है। विवेक दुबे ने एक बयान में कहा है कि कूचबिहार के शीतलकुची में राजनीतिक संघर्ष को रोकने की कोशिश के दौरान केंद्रीय बल के जवानों पर हमले की कोशिश की गई। जवानों को मजबूर होकर आत्मरक्षा में गोलियां चलनी पडी।
विशेष पुलिस पर्यवेक्षक ने कहा है कि, "शीतलकुची में एक बूथ को करीब तीन चार सौ लोगों ने घेर लिया था। केंद्रीय बलों को वहां आत्मरक्षा के लिए गोली चलानी पड़ी है।"
उधर तृणमूल कांग्रेस ने कूचबिहार जिला पुलिस से फायरिंग करने वले जवानों और राज्य में केंद्रीय बल के नोडल अधिकारी बीएसएफ के आईजी (दक्षिण बंगाल) अश्विनी कुमार सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है ।