बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात हुई है। सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव स्थित अरिहंत नगर कॉलोनी के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बाइक सवार कालोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत फैल गई।
सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ कि नकाबपोश तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर महेंद्र का पीछा कर रहे थे। जैसे ही मौका मिला, समांतर चलकर कनपटी और सीने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीछे बैठे दो बदमाशों ने लगातार गोलियां चलाईं। इस दौरान एक महिला ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह महेंद्र गौतम (54) अपने घर बुद्धा सिटी से बाइक पर अरिहंत नगर जा रहे थे। अचानक गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद बदमाश बाइक से रिंगरोड की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।