बनारस न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह यूपी कॉलेज (उदय प्रताप कॉलेज) में बीएससी के एक छात्र को गोली मार दी गई। वारदात के बाद हमलावर पिस्टल फेंककर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो बीएससी का छात्र था और गाजीपुर का रहने वाला था। उसे कॉलेज के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में गोली मारी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना छात्रों के आपसी विवाद के चलते हुई।
बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपी छात्र ने सूर्य प्रताप पर कई गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी पिस्टल और कारतूस वहीं छोड़कर बाइक से फरार हो गया।
घटना के विरोध में छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और पूरे कैंपस को छावनी में बदल दिया गया है।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरि मीणा ने बताया कि दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक ने फायरिंग कर दी। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।
वहीं पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। एफएसएल टीम भी मौके पर जांच कर रही है। मुख्य आरोपी का नाम मंजीत बताया जा रहा है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।