बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के गजापुर में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे, तभी गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार सब्जी लदी मैजिक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, शेरवानीपुर निवासी 24 वर्षीय सतीश और पतेर निवासी 25 वर्षीय मूलचंद बाइक से कुरु पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। गजापुर के पास गलत दिशा से आ रही मैजिक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों युवक मैजिक में फंस गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मैजिक चालक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
दोनों दोस्तों की एक साथ मौत से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। मूलचंद विवाहित था और उसका एक साल का बेटा है। संयोग से हादसे वाले दिन ही उसकी बहन की सगाई थी। वहीं, तीन भाइयों में सबसे छोटा सतीश अविवाहित था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।