बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में 71 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई को खजुही स्थित दुकान में मौजूद 71 वर्षीय कौशिल्या देवी के गले से दो बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर सोने की चेन लूट ली थी। घटना के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि नगायच ने बताया कि 11 जुलाई की रात करीब 12:35 बजे हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से छोटा लालपुर निवासी विजय चौहान उर्फ लकी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने साथी ओमकार मिश्रा उर्फ कार्तिक के साथ मिलकर पहले अस्सी घाट क्षेत्र से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की थी और कई दिनों तक रेकी करने के बाद महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी लूटी गई चेन बेचने जा रहा था, तभी उसे दबोच लिया गया। बरामद बुलेट मोटरसाइकिल भेलूपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी और उसके संबंध में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस फरार आरोपी ओमकार मिश्रा की तलाश में लगातार दबिश दे रही है