वाराणसी, 26 जून 2021 | सत्तनपुर गोगवा गांव में शुक्रवार सुबह आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्ष से 12 लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से आठ लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
जंसा थाना अंतर्गत सत्तनपुर गोगवा गांव निवासी वंश नारायण पटेल और दीपक पटेल के बीच गांव में ही डेढ़ बिस्वा आबादी की जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि सुबह में दीपक पटेल पक्ष के लोग उक्त जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। यह बात जब वंश नारायण पटेल के पुत्र हीरा को मालूम चली तो जमीन अपना बताते हुए विरोध करने लगा।
इसी बीच दीपक पटेल के पुत्र मूलचंद्र के बीच गाली गलौज के बाद लाठी डंडे चलने लगे। दोनों पक्ष से पुरुष और महिलाएं आमने-सामने हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी में भर्ती कराया। पुलिस ने आठ लोगों को शांतिभंग में चालान किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो
सत्तनपुर गोगवां गांव में दोनों पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जंसा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का इलाज कराया।