बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में इंटरनेट पर बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री अपलोड और शेयर करने का मामला सामने आया है। नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (NCMEC) की साइबर रिपोर्ट के आधार पर फूलपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67B के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
साइबर थाने को मिली रिपोर्ट के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक ईमेल आईडी का इस्तेमाल करते हुए गूगल ड्राइव पर बच्चों से जुड़ी अश्लील 13 वीडियो फाइलें अपलोड की थीं। इतना ही नहीं, इन फाइलों को शेयर भी किया गया था। जांच एजेंसियों को इसकी जानकारी मिलने के बाद रिपोर्ट के आधार पर फूलपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
शुरुआती साइबर जांच में पुलिस को संदिग्ध से जुड़े कई मोबाइल नंबर, स्मार्टफोन के आईपी एड्रेस और आईएमईआई नंबर मिले हैं। इसके अलावा जांच टीम के हाथ आरोपी से जुड़ी कुछ और अहम जानकारियां भी लगी हैं, जिनके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
फूलपुर थाने के साइबर प्रभारी आकाश गौड़ की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द ट्रैक कर गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।