बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस और शोरूम मालिकों को भी हैरान कर दिया। एक बाइक शोरूम में चोरी करने पहुंचे चोर ने पहले आराम से कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया और गाने चलाकर डांस किया। इसके बाद वह करीब 4.70 लाख रुपये कीमत की केटीएम एडवेंचर 390 बाइक लेकर फरार हो गया। चोर की पूरी हरकत शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
घटना मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित ट्रायम्फ बाइक शोरूम की है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 11:30 बजे चोर शोरूम का शीशा काटकर अंदर घुसा। अंदर आने के बाद उसने किसी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखाई। पहले उसने शोरूम में कुछ देर आराम किया, फिर कॉफी बनाई और पी।
इसके बाद चोर वॉशरूम में गया और वहां नहाया। नहाने के बाद उसने शोरूम में गाने चलाए और जमकर डांस किया। सीसीटीवी फुटेज में वह एक बाइक का कवर फाड़कर उसे लुंगी की तरह पहनकर डांस करता हुआ भी नजर आ रहा है।
सुबह करीब 4 बजे चोर ने शोरूम में खड़ी केटीएम एडवेंचर 390 बाइक उठाई और मौके से फरार हो गया। चोरी हुई बाइक की कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
स्टाफ के जाने के बाद शोरूम में घुसा चोर
शोरूम मैनेजर के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे सभी कर्मचारी शोरूम बंद करके घर चले गए थे। उन्होंने बताया कि उनकी केटीएम बाइक शोरूम में ही खड़ी थी और उसकी चाबी भी बाइक में लगी हुई थी। उन्होंने करीब तीन महीने पहले ही यह बाइक खरीदी थी।
मंगलवार सुबह गार्ड ने फोन कर बताया कि शोरूम का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही मैनेजर मौके पर पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि मेन गेट काटकर चोर अंदर दाखिल हुआ था और उनकी बाइक गायब थी।
सीसीटीवी में कैद हुई चोर की पूरी 'मस्ती'
शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो चोर की पूरी हरकत सामने आ गई। फुटेज में वह कॉफी पीते, नहाते और गाने पर डांस करते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने बाइक का कवर फाड़कर उसे लुंगी की तरह पहन लिया और डांस करने लगा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोर की तस्वीर आसपास के सभी थानों में भेज दी है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।