बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के कैथोर गांव में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। चौबेपुर के सोनबरसा गांव की रहने वाली 26 वर्षीय लक्ष्मी मिश्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने महिला की पहचान छिपाने के इरादे से पहले गला कसकर हत्या की और फिर सिर व चेहरे को ईंट से कुचल दिया। पुलिस ने महिला के हाथ पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की।
रविवार सुबह बगीचे में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान मुश्किल हो रही थी। मौके से खून से सनी ईंट, चप्पल और एक खिलौना बरामद किया गया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल की जांच की। खोजी कुत्ता घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नियार दानगंज मार्ग तक गया, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसी के पति प्रदीप मिश्रा ने की है। देर रात पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। आरोपी ने बताया कि पत्नी की गतिविधियों से परेशान होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
एडीसीपी वरुणा नीतू कत्यायन के अनुसार महिला के गले पर मफलर के निशान मिले हैं और सिर से लेकर धड़ तक ईंट से बेरहमी से वार किए गए थे। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को बगीचे में लकड़ी के ढेर में छिपाने की कोशिश की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं और सोमवार को पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।