वाराणसी। आज पूरे देश मे 75वें स्वतंत्रता दिवस को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। हर पर्व को एक अलग रंग में मनाने वाला वाली इतिहास से भी पुरानी नगरी काशी में भी जगह जगह ध्वजारोहण कर 75 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
चाहे राष्ट्रीय पर्व हो या धार्मिक, काशी में हर पर्व एक अनोखे रूप से मनाया जाता है। यहां केवल नर नारी ही नहीं बल्कि स्वयं भोलेनाथ भी भारतीय झंडे के तिरंगे रंग में रंगे हुए नजर आए। 15 अगस्त की भोर में हुई मंगला आरती में काशी विश्वनाथ तिरंगे फूलों से सजे हुए दिखाई दिए।
बाबा के मंगला आरती से पूर्व काशी पुराधिपति का तिरंगा स्वरूप में अलौकिक श्रृंगार किया गया। फिर मंगला आरती की गई तिरंगा श्रृंगार मंदिर के अर्चक श्रीकांत मिश्र के साथ अन्य अर्चकों ने भव्य रूप में किया। बाबा का मनोहर दर्शन करके भक्त भी भाव-विभोर हो गए। आजादी के जश्न में हर शख्स डूबा नजर आया।