वाराणसी। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर में बीते 24 घंटों में कुछ गिरावट देखी गई थी पर बीते शाम से ही गंगा के जल स्तर में घटाव के बाद फिर से बढ़ाव शुरू हो गया। गुरुवार को गंगा का जल स्तर 67.69 तक पहुंच गया है। अब भी बढ़ाव जारी है।
हालांकि, बढ़ाव की गति बहुत धीमी जरूर है। जहां दो दिन पहले बढ़ाव गति 24 घंटे में दो मीटर थी। वहीं, गुरुवार को बढ़ाव की गति 20 सेंटीमीटर थी। सोमवार की सुबह आठ बजे गंगा का जल स्तर 67.54 मीटर मापा गया था। फिर गंगा का पानी घटने लगा था।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार की सुबह जल स्तर 67.48 मीटर हो गया था। कुल 6 सेंटीमीटर पानी घट गया था लेकिन गुरुवार की सुबह 8 बजे केंद्रीय जल आयोग ने मापा तो बढ़ कर जल स्तर 67.69 मीटर हो गया है।
बाढ़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। बाढ़ चौकियां बना ली गई हैं। प्रभावित गांवों की सूची बना ली गई है। तहसीलदारों को निर्देशित कर दिया गया है। स्वास्थ्य महकमा से लेकर जिला पशु विभाग तक की तैयारी परख ली गई है।
रिपोर्ट: वीरेश भारद्वाज।