वाराणसी। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के 10 अक्टूबर को आयोजित किसान न्याय रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता अतिउत्साहित है। अपने बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले "हरीश मिश्रा बनारस वाले" ने एक बार फिर विवादित पोस्टर जारी कर दिया है। कांग्रेस पार्टी आलाकमान ने जैसे ही तय किया कि प्रियंका गांधी नवरात्र के चौथे दिन माता कुष्मांडा के दर्शन-पूजन के बाद रैली में जाएंगी, कार्यकर्ताओं ने उन्हें ही मा कुष्मांडा के रूप में दिखाते हुए पोस्टर जारी कर दिया, और जगह जगह चस्पा कर दिया।
"माँ दुर्गा के रूप में आएंगी, किसानों को न्याय दिलाएंगी"
हरीश मिश्रा ने इस पोस्टर को जगह-जगह चस्पा कर दिया, साथ ही साथ "माँ दुर्गा के रूप में प्रियंका गांधी आएंगी और किसानों को न्याय दिलाएंगी" के नारे लगाने लगे। माँ दुर्गा का रूप धारण किये हुए प्रियंका गांधी के इस विवादित पोस्टर में किसानों के हत्यारे का संहार करते हुए प्रियंका गांधी को दिखाया गया है। इस पोस्टर से कांग्रेस कार्यकर्ता लखीमपुर की घटना को याद दिला रहे, ताकि वह किसानों को अपने पक्ष में कर पाए।
शिकायत के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान में:-
विवादित पोस्टर के फैलते ही शशांक शेखर त्रिपाठी नाम के एक वकील ने ट्वीट करते इस फोटो पर आपत्ति जताई और लिखा कि " प्रियंका गाँधी वाड्रा को माता दुर्गा के रूप में दिखा कर पोस्टर जारी किया गया है इससे मेरे सहित लाखों सनातनियों की धार्मिक भावनाओं पर ठेस पहुंचाने का प्रयास है, मुकदमा दर्ज करें।" वकील के आपत्ति को संज्ञान में लेते हुए डीसीपी वरुणा ज़ोन के टि्वटर हैंडल से थाना सिगरा को जांचोपरांत आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किये जाने की बात बताई गई।