वाराणसी। रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए इस बार वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बहनों के लिए ₹0 की मैनुअल टिकट देकर मुफ्त यात्रा की व्यवस्था किया गया है। जिले में यात्रा के लिए रोडवेज के 500 बसें चलाई जाएंगी इसमें 21 अगस्त की रात 12:00 बजे से 22 अगस्त की रात 12:00 बजे तक बहने मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यालय से शासनादेश जारी होने के बाद अब स्थानीय स्तर पर परिवहन निगम तैयारियों में जुट गया है।
कैंट रोडवेज के पास वर्तमान में 521 में से परिवहन निगम की 471 और 50 अनुबंधित बसें हैं। जबकि सिटी में 130 बसें हैं। इनमें 114 बसें फिट हैं। प्रशासन की ओर से इस बार के रक्षाबंधन पर लखनऊ और गोरखपुर जैसे लंबे रूटों पर चलने वाली बसों को कम कर उसे आसपास के जिलों में चलाने की तैयारी की जा रही है। इन्हें यात्रियों की संख्या पर तत्काल बढ़ाया जाएगा। इसके लिए मॉनिटरिंग टीम को लगाई जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (इटीएम) की समुचित व्यवस्था न होने से यात्रियों को मैनुअल टिकट ही दिया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन बहनों को शून्य रुपये का मैन्युअल टिकट दिया जाएगा। जबकि पुरुष यात्रियों को भी मैन्युअल टिकट पर ही किराया लिया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज कमलाकांत तिवारी ने बताया कि रक्षाबंधन पर महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए लंबी दूरी की बसों को कम कर जरूरत के अनुसार आसपास के जनपदों के लिए लगाया जाएगा। इसके लिए एक टीम भी बनाई जा रही है।