वाराणसी। उत्तर पश्चिम से आ रही गर्म हवा के कारण वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में हीट वेव का असर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। शनिवार को पारा 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रविवार को भी मौसम उसी तरह का है। दोपहर 12 से 4 बजे तक सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
पांच दिन का तापमान
अप्रैल अधिकतम न्यूनतम
09 43.5 20.9
08 43.0 20.0
07 42.2 20.1
06 42.1 21.5
05 42.1 21.0
घाटों पर सन्नाटा पसरा है। सूरज की तपिश के बीच 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म पछुआ हवा चलने से ही गर्मी भी अधिक लग रही है। दिन में हो रही धूप और गर्मी से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं शाम में भी आंच और तपिश कम नहीं है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तीन-चार दिन हीटवेव का असर दिखेगा। तापमान में भी बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले सप्ताह से देश में कुछ जगहों पर मौसम में बदलाव की संभावना जरूर है, लेकिन उसका असर यहां देखने को नहीं मिलेगा।
इस साल मार्च की शुरुआत से ही गर्मी शुरु हो गई है। मार्च में ही पारा 40 के पार पहुंच गया था। शुक्रवार को जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को 43.5 पर पहुंच गया। रविवार को पारा 43 के पार ही रहा।