वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के विजया नगरम बाज़ार में गत रात्रि कार चालक ने एक गली के कुत्ते को कुचल दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रीवेंशन आफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एक्ट,1960 (पशु क्रूरता निवारण अधिनियम) के तहत केस दर्ज कर लिया। इस मामले में कार्रवाई को लेकर थाने में पुलिस और समाजिक कार्यकर्ता के बीच काफी बहस हुई।
इंग्लिशिया लाइन निवासी समाजिक कार्यकर्ता विशाल सिंह के अनुसार गत रात्रि विजया नगरम बाज़ार में एक दुकान के बाहर सड़क पर कुत्ता सो रहा था। आरोप है कि शराब के नशे में धुत होकर कार चालक ने जानबूझकर कुत्ते के ऊपर अपनी कार चढ़ा दी। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद दुर्घटना के बाद कार चालक चुपचाप फरार भी हो गया। कुत्ते को जानबूझकर कुचलकर मारने की घटना के बारे में पशु प्रेमी विशाल सिंह ने सिगरा थाने को अवगत कराया है।
आरोप है कि पुलिसकर्मी इस प्रकरण को हल्के में लेते हुए कार्रवाई के बजाय मामले को रफा दफा करने पर उतारू हो गए। विशाल सिंह ने फोन करके उच्चाधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार सिंह के खिलाफ देर रात पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार अब मामले की जांच की जा रही है।
वहीं पशु प्रेमी विशाल सिंह ने बताया कि वह कुत्ते का शव परीक्षण भी कराएंगे ताकि मामले में आरोपित के खिलाफ साक्ष्य और भी मजबूत हो सकें और नशे में कार चलाने और इंसानों पशुओं को रौंदने वालों को कड़ा सबक मिल सके। वहीं विशाल सिंह की पहल पर इस मामले में आरोपित
अनिल कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार अरोपित चिन्हित कर लिया गया है और उसके खिलाफ अभियोग पंजीकृत होने के बाद अब विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले की जानकारी होने के बाद लोगों ने भी विशाल सिंह के साहसिक प्रयास को काफी सराहा है।