मुंबई, 6 मई, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। कनाडा से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 6 भारतीय हैं। अमेरिकी पुलिस इसे मानव तस्करी बता रही है। जानकारी के मुताबिक, ये लोग जिस नाव पर सवार थे, वो डूब रही थी। पहले इन्हें रेस्क्यू किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस को पता लगा कि ये गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार लोगों की उम्र 19 से 21 साल के बीच है। अमेरिका की अक्वेस्ने मोहॉक पुलिस को एक हफ्ते पहले इनपुट मिला था कि कनाडा के ओंटारियो से एक नाव कई व्यक्तियों को लेकर अमेरिका की ओर जा रही है। पुलिस को छानबीन के दौरान पता लगा कि सेंट रेजिस नदी में एक नाव डूब रही है। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को बचा लिया। बाद में इनके घुसपैठिए होने का पता चला और फिर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने बताया कि ये सभी लोग बिना लाइफ जैकेट नाव पर सवार थे। ज्यादा ठंड लगने से इनकी तबीयत खराब हो गई। इन्हे इलाज के अस्पताल भेजा गया। नाव में लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग और रस्सी जैसे सुरक्षा का कोई साधन नहीं था। अमेरिका में मानव तस्करी पर 10 साल की सजा हो सकती है। करीब 3 महीने पहले गुजरात से 4 लोगों का एक परिवार कनाडा पहुंचा था। वो भी एक ह्यूमन स्मगलर के जरिए अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहा था। माइनस 35 डिग्री सेल्सियस और बर्फीले तूफान में घिरने से इन लोगों की मौत हो गई थी। मारे गए लोगों में 2 बच्चे और उनके पैरेंट्स थे। कनाडा के अधिकारियों ने बताया था कि गुजरात का यह परिवार टूरिस्ट वीजा पर कनाडा पहुंचा था। बाद में गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में घुसना चाहते थे। इस मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया था। विदेश मंत्री जयशंकर ने कनाडा में मौजूद भारत के एम्बेसेडर से जवाब मांगा था।