यरुशलम, 08 मई । यरुशलम की अल अक्सा मस्जिद के बाहर शुक्रवार देर रात फिलिस्तानी प्रदर्शनकारियों और इजराइली पुलिस के बाच हुई हिंसक झड़प में 136 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। फिलिस्तीनी प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर एवं बोतलों से हमला किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फिलिस्तीनियों पर रबर बुलेट्स और ग्रेनेड दागे।
फिलिस्तीन की रेड क्रीसेंट इमरजेंसी सेवा के मुताबिक झड़प में 136 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 83 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा रबर बुलेट्स दागे जाने के बाद कई लोगों के चेहरे और आंखों पर चोटे आई हैं। फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा, वह इस पवित्र शहर में होने वाले हमलों और खतरनाक गतिविधियों के लिए इजरायल को दोषी मानते हैं।
वहीं, इजराइल की ओर से कहा गया है कि इस दौरान छह पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। दरअसल रमजान की शुरुआत से ही यरुशलम और वेस्ट बैंक में तनाव की शुरुआत हो गई थी। पूर्वी यरुशलम के शेख जर्राह में हर रात हिंसक झड़प की घटनाएं देखने को मिल रही थीं। शेख जर्राह में रहने वाले फिलिस्तीनी परिवार यहां से हटाए जाने के खिलाफ केस लड़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पूर्वी यरुशलम में हाल ही के दिनों में विवाद बढ़ गए हैं। मुस्लिमों के पवित्र महीने रमजान में प्रसिद्ध स्थान को ब्लॉक कर दिया गया था।