वाराणसी। मंगलवार को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री डॉo नीलकंठ तिवारी ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के साथ गंगा और वरुणा के बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया है। दो दिन पहले भी राज्यमंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने एनडीआरएफ टीम के साथ गंगा और वरुणा बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था।
इस दौरान एनडीआरएफ बोट पर सवार होकर राज्यमंत्री डॉo नीलकंठ तिवारी ने अधिकारियों के साथ मिलकर विभिन्न इलाकों का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। इसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों और बाढ़ की ड्यूटी में लगाये गये जिले के अफसरों को कई निर्देश दिये गये।
राज्यमंत्री डॉo नीलकंठ तिवारी ने दोनों अधिकारियों के साथ बाढ़ में भी अपने अपने घरों में रुके हुए लोगों से मुलाकात की। साथ ही राहत सामग्री का वितरण भी किया। मंत्री डॉo नीलकंठ तिवारी ने लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी और कभी भी मदद की आवश्यक्ता हो तो उनसे संपर्क कर सकता है। साथ ही राशन आदि की दिक्कत किसी को नहीं होने दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करते हुए सभी को धैर्य बनाये रखने और किसी भी विषम परिस्थिति में हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने के लिये कहा।
Posted On:Tuesday, August 10, 2021