बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित इमाम चौक पर रविवार रात बिजली का खंभा हटाते समय करंट लगने से 14 साल के किशोर की मौत हो गई। इस हादसे में उसे बचाने पहुंचे दो युवक भी झुलस गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा के फारूकी नगर निवासी शमशाद (14) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शहीद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 10:30 बजे वह इमाम चौक पर काम करने गया था। इसी दौरान बिजली का खंभा हटाते समय वह करंट की चपेट में आ गया।
शमशाद को करंट से बचाने के लिए इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू आगे आए, लेकिन वे भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने शमशाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, डॉक्टरों के मुताबिक दोनों घायल युवकों की हालत सामान्य है।
शमशाद के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूट चुका था। उसके पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपनी मां और बहन के साथ रहता था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।