बनारस न्यूज डेस्क: बनारस जनपद में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा का रास्ता खुल गया है। ऐसे 989 बच्चों का चयन किया गया है, जिन्हें अब जिले के विभिन्न प्राइवेट स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। सोमवार को यह चयन प्रक्रिया ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से पूरी की गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव की मौजूदगी में बीएसए कार्यालय में ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई। चयनित बच्चों को अब जिले के अलग-अलग निजी स्कूलों में दाखिला दिलाया जाएगा, जहां वे बिना किसी शुल्क के पढ़ाई कर सकेंगे।
अधिकारियों के अनुसार इस प्रक्रिया के लिए कुल 1702 आवेदन प्राप्त हुए थे। खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा सत्यापन के बाद 1501 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 201 आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए। स्वीकृत आवेदनों में से ऑनलाइन लॉटरी के जरिए 989 बच्चों का चयन किया गया है।
इससे पहले 18 फरवरी को पहले चरण की लॉटरी निकाली गई थी। उस चरण में 17,476 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 16,556 आवेदन सत्यापित पाए गए। इनमें 7,140 छात्रों का चयन हुआ था, जबकि 9,146 आवेदन खारिज कर दिए गए थे। यह पूरी प्रक्रिया राइट टू एजुकेशन एक्ट, 2009 की धारा 12(1)(C) के तहत सत्र 2026–27 के लिए आर्थिक और कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।