स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर सजग रहने वाले लोग आमतौर पर रोजाना गिने जाने वाले कदमों (स्टेप काउंट) पर ध्यान देते हैं, लेकिन सिर्फ कदमों की संख्या ही नहीं, बल्कि चलने की गति (वॉकिंग स्पीड) भी समग्र स्वास्थ्य का एक बेहद महत्वपूर्ण पैमाना है। 0.8 मीटर प्रति सेकंड (लगभग 2.88 किमी/घंटा) से कम चलने की गति गिरती शारीरिक क्षमता और छिपी हुई स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकती है, जिस पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है।
वॉकिंग स्पीड क्यों है सेहत का अहम पैमाना?
प्रसिद्ध मेडिकल जर्नल JAMA नेटवर्क ओपन में प्रकाशित एक शोध का हवाला देते हुए विशेषज्ञों ने बताया है कि चलने की गति और मृत्यु दर (mortality risk) के बीच गहरा संबंध पाया गया है। पैदल चलने की गति यह दर्शाती है कि शरीर के विभिन्न अंग आपस में कितना बेहतर तालमेल बनाकर काम कर रहे हैं।
चलने के दौरान दिल और फेफड़ों की ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता, मांसपेशियों की ताकत, नसों (नर्व्स) का समन्वय और दिमाग का संतुलन एक साथ सक्रिय होता है। यदि कोई व्यक्ति बिना ज्यादा थके या हांफे सामान्य गति से चल सकता है, तो उसकी शारीरिक कार्यक्षमता (फंक्शनल कपैसिटी) बेहतर मानी जाती है।
धीमी चाल के पीछे क्या हो सकते हैं कारण?
उम्र बढ़ने के साथ चलने की गति धीमी होना स्वाभाविक माना जाता है, लेकिन अगर चाल में अचानक या बिना किसी स्पष्ट कारण के गिरावट आ रही है, तो इसे केवल बुढ़ापे का असर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, धीमी वॉकिंग स्पीड हृदय रोग, मांसपेशियों की कमजोरी (मसल लॉस), न्यूरोलॉजिकल विकार और शारीरिक दुर्बलता (फ्रैल्टी) का शुरुआती संकेत हो सकती है।
अध्ययन में पाया गया कि दैनिक कदमों की संख्या पूरी होने के बावजूद, धीमी गति मृत्यु जोखिम से जुड़ी हो सकती है। हालांकि इसका अर्थ यह नहीं है कि तेज चलने से उम्र सीधे बढ़ जाएगी, बल्कि यह दिखाता है कि शरीर की गतिशीलता (मोबिलिटी) सेहत का एक भरोसेमंद सूचक है।
कितनी होनी चाहिए सामान्य गति?
स्वस्थ वयस्कों के लिए लगभग 1 से 1.3 मीटर प्रति सेकंड (3.6 से 4.7 किलोमीटर प्रति घंटा) की चाल को सामान्य और अच्छा माना जाता है। वहीं, बुजुर्गों या वयस्कों में यदि यह गति 0.8 मीटर प्रति सेकंड से नीचे आ जाती है, तो इसे शारीरिक क्षमता में गिरावट माना जाता है और चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी जाती है।
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इसे अंतिम मानक नहीं मानना चाहिए, क्योंकि उम्र, जोड़ों का दर्द या पुरानी बीमारियां भी गति को प्रभावित करती हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह देखना है कि क्या किसी व्यक्ति की सामान्य चाल में पहले की तुलना में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
घर पर कैसे मापें अपनी वॉकिंग स्पीड?
अपनी चाल की गति जांचने के लिए किसी महंगे उपकरण की आवश्यकता नहीं है। इसे घर पर ही एक साधारण परीक्षण से मापा जा सकता है:
जमीन पर 10 मीटर की सीधी दूरी तय कर निशान लगाएं। अपनी सामान्य और आरामदायक गति से इस दूरी पर चलें। फोन के स्टॉपवॉच से दूरी तय करने में लगा समय (सेकंड में) नोट करें। 10 मीटर को लगे समय से भाग (divide) दें। उदाहरण के लिए, यदि 10 मीटर चलने में 10 सेकंड लगे, तो आपकी गति 1 मीटर प्रति सेकंड है।
डॉक्टरों के मुताबिक, यह परीक्षण केवल सतर्क रहने और गतिशीलता पर नजर रखने के लिए है, किसी बीमारी के निदान के लिए नहीं। यदि चलने की गति में गिरावट के साथ लगातार थकान, सांस फूलना, चक्कर आना या संतुलन बिगड़ने जैसी दिक्कतें महसूस हों, तो डॉक्टर से परामर्श जरूर लेना चाहिए।