बनारस न्यूज डेस्क: शुक्रवार सुबह घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान संचालन प्रभावित रहा। खराब मौसम की वजह से दिल्ली से वाराणसी आ रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक विमान में कुल 157 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स 1225 दिल्ली से सुबह 6:50 बजे वाराणसी के लिए रवाना हुई थी और निर्धारित समय के अनुसार सुबह 7:50 बजे वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। लेकिन उस समय बाबतपुर एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे रनवे पर दृश्यता काफी कम हो गई थी।
कम दृश्यता के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। पायलट ने कुछ समय तक आसमान में चक्कर लगाकर मौसम के सुधरने का इंतजार किया, लेकिन जब हालात सामान्य नहीं हुए तो विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला लिया गया। इसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई।
विमान के डायवर्ट होने से वाराणसी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यही विमान वाराणसी से सुबह 8:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था, जिससे करीब 180 यात्री प्रभावित हुए। बाद में लखनऊ में ईंधन भरने और मौसम साफ होने के बाद विमान सुबह करीब 10 बजे वाराणसी पहुंचा और 10:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।