बनारस न्यूज डेस्क: कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रशांत उपाध्याय के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने उसके घर के बाहर डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई और कोर्ट में पेश होने का ऐलान कराया।
यह कार्रवाई भेलूपुर के विरदोपुर शंकरपुरी कॉलोनी और मंडुवाडीह के मड़ौली स्थित सेंट जॉन्स कॉलोनी में की गई। पुलिस ने आरोपी के मकान पर नोटिस चस्पा करते हुए उसे 30 मार्च तक एसीजेएम फास्ट ट्रैक कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रशांत उपाध्याय के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है और वह लंबे समय से फरार है। कोर्ट ने 26 मार्च को उसके खिलाफ उद्घोषणा नोटिस जारी किया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कफ सिरप तस्करी मामले में आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया है। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।