बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट बदल ली है। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दिन चढ़ने के साथ तेज हवाओं के बीच बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने जिले को ऑरेंज अलर्ट पर रखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सुबह से चल रही हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे आवाजाही पर असर पड़ा। बनारस स्टेशन, शिवपुर, सिंधौरा, रामनगर, कैंट, लंका, अस्सी, मंडुआडीह और मैदागिन जैसे इलाकों में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश होती रही।
इस बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। रोहनिया और मोहनसराय के गांवों में गेहूं की फसल भीग गई है, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कटाई के करीब पहुंची फसल पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार को पूरे दिन ऐसा ही मौसम बना रह सकता है और शनिवार-रविवार को भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
बारिश से जहां गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, वहीं तेज हवाओं के कारण सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों से बेवजह बाहर न निकलने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने किसानों से कहा है कि यदि फसल को नुकसान हुआ है और बीमा कराया गया है, तो 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दें।
यदि फोन से सूचना देने में दिक्कत हो, तो किसान कृषि विभाग के कार्यालय में लिखित शिकायत देकर भी नुकसान दर्ज करा सकते हैं, जिसके बाद नियम के अनुसार मुआवजा मिलेगा।