मुंबई, 30 दिसंबर (न्यूज़ हेल्पलाइन) सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन में आज शेयर बाज़ार के लिए बहुत ही निराशाजनक रहा। आज के दिन मार्केट ने पूरे दिन सपाट स्तर पर कारोबार किया और अंत भी लगभग सपाट ही हुआ। आज के इस सपाट कारोबार का साक्षी सिर्फ भारतीय शेयर बाज़ार ही नहीं रहा, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी मार्केट में ऐसा ही असर देखने को मिला। आज के दिन विश्व के कुछ शेयर बाज़ार फायदे तो कुछ नुकसान में रहें।
आज गुरुवार 30 दिसंबर के कारोबार की समाप्ति पर BSE (बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज) के सेंसेक्स ने 12.17 अंको के नुकसान के साथ 57,794.32 के स्तर पर क्लोजिंग की। वहीं, NSE (नेशनल स्टॉक एक्सचेंज) के निफ़्टी50 ने आज की क्लोजिंग 9.65 अंको के घाटे के साथ की। आज के दिन सेंसेक्स 0.021% और निफ्टी 0.056% गिरा। आज आईटी और फार्मा को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।
ज्ञात हो कि आज बाज़ार की ओपनिंग भी घाटे के साथ ही हुई थी। आज सेंसेक्स ने 51.09 अंको के घाटे के साथ, जबकि निफ़्टी ने 12.15 अंको के गिरावट के साथ ओपन किया था। आज के दिन निफ़्टी का उच्च और निम्न स्तर क्रमशः 17,264.05 और 17,146.35 रहा। वहीं, सेंसेक्स में आज का उच्च और निम्न स्तर क्रमशः 58,010.03 और 57,578.99 रहा।
आज लगभग 1711 शेयरों में तेजी आई, 1447 शेयरों में गिरावट आई और 89 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। आज के दिन में एक ट्रेंड देखने को मिला, जब बड़े नाम वाले शेयरों में भारी बिकवाली हुई। इस कारण से आज नुकसान में रहने वाले शेयर भी बड़े नाम वाले शेयर ही रहें। निफ़्टी में आज के टॉप 5 लूज़र शेयर रहें -बजाज ऑटो, जेएसडब्ल्यू स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, यूपीएल और टाटा स्टील। वहीं, आज के दिन लाभ प्राप्त करने वाले टॉप 5 शेयर रहें -एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, सिप्ला, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और डॉ रेड्डीज लैबोरेट्रीज।