वित्तीय सेवा क्षेत्र में सक्रिय श्रीराम ग्रुप ने डॉ. अपूर्व जावडेकर को समूह का मुख्य अर्थशास्त्री और श्रीराम रिसर्च का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था, ब्याज दरों और वित्तीय बाजारों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
समूह के अनुसार, डॉ. जावडेकर नई जिम्मेदारी के तहत समष्टि आर्थिक परिस्थितियों और वित्तीय बाजारों से जुड़े शोध को नई दिशा देंगे। इसके अलावा वे आंकड़ों और तथ्यों पर आधारित नीति संबंधी अध्ययन तथा वैचारिक नेतृत्व से जुड़ी पहलों का संचालन भी करेंगे। माना जा रहा है कि उनकी विशेषज्ञता से समूह को आर्थिक रुझानों को बेहतर ढंग से समझने और कारोबारी रणनीतियों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
डॉ. जावडेकर के पास अर्थशास्त्र, वित्तीय सेवाओं और सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। उन्होंने अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में पीएचडी की है। श्रीराम ग्रुप में आने से पहले वे मुथूट फिनकॉर्प में मुख्य अर्थशास्त्री की भूमिका निभा चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में वित्त विषय के प्रोफेसर के रूप में भी सेवाएं दी हैं। वह भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा स्थापित सेंटर फॉर एडवांस्ड द फाइनेंशियल रिसर्च एंड लर्निंग (CAFRAL), मुंबई में अनुसंधान निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
श्रीराम ग्रुप की इस नियुक्ति को उसके शोध और आर्थिक विश्लेषण को संस्थागत रूप से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई भूमिका में डॉ. जावडेकर घरेलू और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रमों का अध्ययन कर समूह के लिए शोध आधारित दृष्टिकोण विकसित करेंगे।