ताजा खबर

वाराणसी धमाके में राजू खान गिरफ्तार, पत्नी की हालत गंभीर; परिवार का 14 वर्षीय बेटा अब भी लापता

Photo Source : Google

Posted On:Friday, October 16, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के सारनाथ इलाके के पैगंबरपुर में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके के मामले में पुलिस ने मकान मालिक राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में उसकी पत्नी चांदनी और बेटा अदीब घायल हुए थे। दोनों का कबीरचौरा अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, परिवार के 14 वर्षीय बेटे आदिल का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। राजू खान की मां मुन्नी भी लापता बताई जा रही हैं।

हादसे की खबर मिलने के बाद चांदनी की मां परवीन और भाई अख्तर अस्पताल पहुंचे। दोनों फिलहाल घायल मां-बेटे की देखभाल कर रहे हैं। परिवार की 9 साल की बेटी अरबिया भी उनके साथ है। उसे धमाके में चोट नहीं आई थी। अख्तर ने बताया कि उन्हें टीवी पर खबर देखने के बाद घटना का पता चला, जिसके बाद वह अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचे।

18 साल पहले हुई थी चांदनी की शादी

परवीन ने बताया कि उनका परिवार सोनभद्र जिले के घोरावल का रहने वाला है। करीब 18 साल पहले चांदनी की शादी राजू खान से हुई थी। उनके दो बेटे आदिल और अदीब हैं, जबकि बेटी अरबिया 9 साल की है। परवीन के मुताबिक, परिवार में कुछ कारणों से करीब पांच साल पहले दामाद से मनमुटाव हो गया था। इसके बाद से वह बेटी के घर नहीं गई थीं।

चांदनी की हालत गंभीर, अदीब के दोनों हाथों में फ्रैक्चर

अख्तर के मुताबिक, उनकी बहन चांदनी करीब 85 से 90 फीसदी तक झुलस गई हैं। उन्हें बर्न वार्ड में शिफ्ट करने की तैयारी थी। वहीं, अदीब के दोनों हाथों में फ्रैक्चर है, लेकिन वह अपने आसपास मौजूद लोगों को पहचान पा रहा है। अख्तर ने बताया कि बहन और अदीब अस्पताल में मिल गए, लेकिन बड़े भांजे आदिल के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। परिवार की मुन्नी भी कहां हैं, यह पता नहीं चल पाया है। अरबिया को रिश्तेदारी में रखा गया है।

धमाके से पांच अन्य मकानों को भी नुकसान

गुरुवार को पंचकोसी चौराहे के पास पैगंबरपुर में हुए जोरदार विस्फोट के बाद तीन मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया था। हादसे के बाद चांदनी और अदीब को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने देर रात राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। उसकी मां मुन्नी की तलाश की जा रही है। धमाके की वजह से आसपास के पांच मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.