ताजा खबर

हिमालय से आ रही ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, अगले 48 घंटे में और गिरेगा तापमान

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, November 26, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: उत्तर-पश्चिम दिशा से हिमालय के रास्ते आ रही ठंडी हवाओं ने अब मौसम में ठंडक बढ़ानी शुरू कर दी है। इसका असर दिन और रात दोनों के तापमान पर दिख रहा है। दिन में धूप निकलने के बावजूद लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है, जबकि रातें पहले से ज्यादा ठंडी हो गई हैं। बुधवार को औसत तापमान 19.75 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य शारीरिक तापमान से करीब 16.25 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का असर और बढ़ेगा, जिससे तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन कुछ ही देर में आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। इसके बावजूद बाइक और दूसरे वाहनों से सफर करने वालों को ठंडी हवा के कारण कंपकंपी महसूस हुई। इससे एक दिन पहले बुधवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे पहुंच गया था।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है। सतह पर उत्तर-पश्चिम दिशा से शुष्क और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिनकी वजह से पिछले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आई है। अगले 48 घंटों में तापमान में थोड़ी और कमी आने की संभावना है। इससे ठंड का असर बढ़ेगा। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति भी बनी रह सकती है।

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होते हुए जम्मू-कश्मीर और हिमालय के रास्ते ठंडी पछुआ हवाएं लगातार आ रही हैं। दिन की अवधि घटकर अब 10 घंटे 36 मिनट रह गई है। सूर्य के दक्षिणायन होने के साथ सर्दी का असर भी बढ़ता जाएगा। फिलहाल जमीन के पास पछुआ हवाओं की रफ्तार सामान्य है, लेकिन सतह से करीब एक किलोमीटर ऊपर इनकी गति तेज बनी हुई है। आने वाले दिनों में इन हवाओं का प्रभाव बढ़ने के साथ ही ठंड और तेज होने की संभावना है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.