ताजा खबर

वाराणसी की 'लेडी सिंघम' नीतू कादयान का नोएडा तबादला, अब संभालेंगी नई जिम्मेदारी

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, November 26, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में तैनात आईपीएस अधिकारी नीतू कादयान का तबादला गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में कर दिया गया है। उन्हें यहां अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नीतू कादयान आरआर-2020 बैच की अधिकारी हैं और वाराणसी में अपने सख्त अंदाज के चलते 'लेडी सिंघम' के नाम से मशहूर हैं। अपराधियों के खिलाफ बेखौफ होकर कार्रवाई करने के लिए उनकी पहचान बनी है।

वाराणसी में तैनाती के दौरान नीतू कादयान कई मामलों को लेकर चर्चा में रहीं। यूपी कॉलेज परिसर में एक छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में कार्रवाई के दौरान वह सुर्खियों में आई थीं। इसके अलावा वकीलों के विरोध और उनके साथ हुए टकराव के बीच भी उन्होंने पुलिसिंग के मामले में अपना सख्त रुख बनाए रखा।

हरियाणा के झज्जर जिले के आर्यनगर की रहने वाली नीतू कादयान एक सामान्य परिवार से आती हैं। उनके पिता संपूर्ण कादयान किसान हैं और मां लक्ष्मी देवी सरकारी अस्पताल में काम करती हैं। नीतू का पैतृक गांव माजरा डी है। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की और कॉलेज में टॉपर रहीं। इसके बाद उन्होंने राजनीति शास्त्र में एमए किया। उनकी आईपीएस बनने की कहानी कड़ी मेहनत और लगातार कोशिशों की मिसाल है।

नीतू ने 2018 में पहली बार यूपीएससी परीक्षा पास कर 254वीं रैंक हासिल की थी और भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) चुनी थी। हालांकि, उन्होंने दोबारा परीक्षा देने का फैसला किया और 2019 में 158वीं रैंक हासिल कर यूपी कैडर की आईपीएस अधिकारी बनीं। साल 2023 में उनकी पहली पोस्टिंग वाराणसी में एसीपी चेतगंज के तौर पर हुई। 2024 में प्रमोशन के बाद वह एडीसीपी वरुणा जोन बनीं। इसके बाद उन्होंने एडीसीपी वरुणा और काशी जोन, डीसीपी क्राइम और डीसीपी गोमती जोन जैसी जिम्मेदारियां संभालीं। अब वह गौतमबुद्धनगर में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर नई जिम्मेदारी निभाएंगी।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.