बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के लूठा खुर्द गांव में मंगलवार सुबह बारिश के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि योगेंद्र यादव और रमेश यादव के बीच पानी निकासी को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। मामला शांत कराने के लिए योगेंद्र ने ग्राम प्रधान राजेश यादव को मौके पर बुलाया। प्रधान दोनों पक्षों को समझाने पहुंचे, लेकिन विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में ग्राम प्रधान राजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई उपेंद्र यादव और योगेंद्र यादव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद परिजन तीनों घायलों को लेकर चौबेपुर थाने पहुंचे और रमेश यादव, चंदन यादव और अभिषेक यादव के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने घायलों को इलाज और मेडिकल जांच के लिए नरपतपुर सीएचसी भेजा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ग्राम प्रधान राजेश यादव को मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा रेफर कर दिया। वहीं, उपेंद्र यादव को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। योगेंद्र यादव का भी मेडिकल कराया गया।
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।