बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी में सोमवार शाम से हो रही लगातार बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मंडुवाडीह में मकान की दीवार गिरने से पति-पत्नी की जान चली गई, वहीं लंका के सीर गोवर्धन में कच्चा मकान गिरने से एक दंपती घायल हो गया। दोनों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बाटा मोड़ इंडस्ट्रियल एरिया में बिहार के रहने वाले रविंद्र कुमार अपनी पत्नी प्रतिभा के साथ किराए के पुराने मकान में रहते थे। लगातार बारिश के कारण मंगलवार सुबह मकान की एक दीवार अचानक गिर गई। उस समय दोनों कमरे में सो रहे थे और मलबे में दब गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, रविंद्र एक कंपनी में काम करते थे। दंपती के पास मिले संपर्क नंबरों के जरिए उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन में भी बारिश के कारण कच्चा मकान ढह गया। हादसे में निर्मला और रामजी मलबे में दबकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे में घर में बंधी एक बकरी की मौत हो गई, जबकि कुछ पालतू कुत्तों के भी मलबे में दबे होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और स्थानीय लोग राहत-बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
लगातार बारिश से वाराणसी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी गंभीर हो गई है। सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में कमर तक पानी भरने की जानकारी सामने आई है, जबकि लंका चौराहे पर घुटने तक पानी जमा है। शहर के कई प्रमुख रास्तों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पुलिस ने हादसों में हुई मौतों का संज्ञान लेते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित थानों की पुलिस मामले की जांच कर रही है।