वाराणसी। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं वाराणसी मंडल के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास योजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि सेफ्टी, कनेक्टिविटी एवं इलेक्ट्रिसिटी, सरकार की प्राथमिकताओं में है। शासन की नीतियों-निर्णयों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं वाराणसी मंडल के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शासकीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने पर जोर देते हुए कहा कि आम जनमानस शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक हो। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे शासन द्वारा निर्धारित समय पर अपने कार्यालय पर बैठें और जनता की शिकायतों को सुनें और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। केंद्र और प्रदेश सरकार की जो परियोजनाएं लंबित है, उन्हें समय से पूरा किया जाए। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाढ़ एवं बरसात की स्थिति है, इसको दृष्टिगत रखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि बाढ़ एवं क्षेत्रों में जलजमाव को दृष्टिगत रखते हुए मरे हुए पशुओं का निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंता को स्मार्ट मीटर के कतिपय कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। अधिक धनराशि के विद्युत बीजको की जानकारी पर उन्होंने विभागीय अभियंता को निर्देशित किया कि जाँच पड़ताल के बाद सही विधुत बिल ही उपभोक्ताओ को उपलब्ध कराए जाए। इस दौरान जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने विकास कार्यक्रमों की डिजिटली प्रेजेंटेशन दिया।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी को अनदेखा न किया जाए और तत्काल फौरी कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए। निश्चित रूप से ऐसे एक्टिविटी से बड़े- बड़े अपराधों पर अंकुश लगता है। अपराधियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए और उनमें कानून का डर होना चाहिए।
बैठक में राज्यमंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास विभाग एवं प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोड़, शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, महापौर मृदुला जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के अलावा कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल सहित अन्य विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।