बनारस न्यूज डेस्क: जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में पशुपालक और उसकी भैंस की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। 62 वर्षीय रामसागर राजभर रेलवे ट्रैक के किनारे भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी से भदोही की ओर जा रही ट्रेन की आवाज सुनकर उन्होंने देखा कि एक भैंस ट्रैक पर पहुंच गई है।
भैंस को बचाने के लिए रामसागर तुरंत ट्रैक की ओर दौड़े। उन्होंने उसे हटाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान ट्रेन वहां पहुंच गई। रामसागर भैंस समेत ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वहां भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद रामसागर की पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। रामसागर के दो बेटे हैं। परिवार में घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।
जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने पशुपालकों से रेलवे ट्रैक या उसके आसपास मवेशियों को न चराने की अपील की है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।