ढाका/नई दिल्ली। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद ने गुरुवार को कहा कि भारत और जापान समेत प्रधानमंत्री की किसी भी विदेश यात्रा की तारीख फिलहाल निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षों के बीच बातचीत पूरी होने के बाद ही कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शमा ओबेद ने कहा कि प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण कार्यों में व्यस्त हैं। जापान यात्रा भी दोनों देशों की सुविधा के अनुसार तय की जाएगी। उन्होंने भारत के साथ उच्चस्तरीय बातचीत को द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने का अवसर बताया।
विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि जब दोनों देशों के शीर्ष नेता आमने-सामने बैठकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हैं तो कई लंबित मामलों को सुलझाने का रास्ता निकल सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों को बेहतर बनाने के लिए ऐसे संवाद का उपयोग किया जा सकता है।
शमा ओबेद की टिप्पणी बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के बीच हुई हालिया मुलाकात के कुछ दिन बाद आई है। बैठक में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा की थी। इसके बाद भारतीय उच्चायुक्त ने नई दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी।
भारत और बांग्लादेश के बीच यह कूटनीतिक गतिविधियां ऐसे समय हो रही हैं, जब दोनों देशों के संबंधों में कुछ मुद्दों को लेकर तनाव बना हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत में रहने और उनके हालिया ऑनलाइन संबोधन को लेकर ढाका ने आपत्ति जताई थी।
इसी बीच भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को नई दिल्ली में प्रस्तावित BRICS आउटरीच सत्र में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्हें द्विपक्षीय यात्रा के लिए भी निमंत्रण दिया गया है। हालांकि, बांग्लादेश की ओर से अभी यात्रा की तारीख पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।