ताजा खबर

बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन में सीट बंटवारे पर घमासान, VIP कार्यकर्ताओं में मारपीट, जानिए पूरा मामला

Photo Source :

Posted On:Thursday, October 16, 2025

मुंबई, 16 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही महागठबंधन के दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। पटना के होटल मौर्या में गुरुवार को विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के कार्यकर्ताओं के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ही जमकर मारपीट हो गई। आपसी झड़प के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे की शर्ट की कॉलर पकड़ ली और कुर्सियां तक फेंक दीं। यह विवाद उस वक्त भड़का जब पार्टी अध्यक्ष मुकेश सहनी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे।

सूत्रों के मुताबिक, मुकेश सहनी ने 243 विधानसभा सीटों में से कम से कम 24 सीटों की मांग की है, जबकि राजद नेता तेजस्वी यादव उन्हें केवल 15 सीटें देने पर अड़े हैं। दोनों के बीच 8 से 9 सीटों को लेकर गतिरोध बना हुआ है। सहनी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पहले दोपहर 12 बजे तय थी, जिसे टाल दिया गया और अब वे शाम को मीडिया से बात कर सकते हैं। इधर बेगूसराय जिले के बछवाड़ा सीट पर कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार एक ही समय पर नामांकन के लिए पहुंचे, जिसके बाद दोनों पार्टियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। नारेबाजी और धक्का-मुक्की के बीच पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

वहीं, एनडीए ने बिहार चुनाव के लिए अब तक 226 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा और जदयू दोनों ने अपने-अपने 101 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, जबकि लोजपा (आर) ने 14 और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) ने 6 उम्मीदवार उतारे हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने भी 4 नाम तय किए हैं। इसके विपरीत, महागठबंधन में अब तक सीट शेयरिंग को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। राजद और कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को सिंबल बांटने में जुटी हैं, लेकिन किसी भी पार्टी की आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है। राज्य में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण के नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है।

भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, स्मृति ईरानी और भोजपुरी स्टार पवन सिंह व मनोज तिवारी जैसे नाम शामिल हैं। राजद ने मोकामा सीट से बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया है। यह सीट अब चर्चा में है क्योंकि यहां से एनडीए की ओर से बाहुबली अनंत सिंह मैदान में हैं। इस तरह मोकामा में दो बाहुबलियों के बीच सीधी टक्कर तय मानी जा रही है। वीणा देवी को लालू प्रसाद यादव ने खुद पार्टी सिंबल सौंपा। इससे पहले सूरजभान सिंह ने पशुपति पारस की पार्टी लोजपा (आर) के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था और देर रात तेजस्वी यादव से मुलाकात भी की थी।

इसी बीच, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मुकेश सहनी पर तंज कसते हुए कहा कि महागठबंधन में उनकी स्थिति "थाली के बैंगन" जैसी हो गई है। जायसवाल ने कहा कि NDA में सहनी का सम्मान था, लेकिन अब महागठबंधन उन्हें अपमानित कर रहा है। उनका कहना है कि इस रवैये से मल्लाह समाज में गलत संदेश जा रहा है और इसका असर कांग्रेस और राजद दोनों पर पड़ेगा। उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से फोन पर बातचीत की है। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा हुई है ताकि जल्द ही महागठबंधन की लिस्ट जारी की जा सके।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.